एसपी अभिषेक वर्मा ने रेनुसागर चौकी और अनपरा थाने का आकस्मिक निरीक्षण किया दिया आवश्यक दिशा निर्देश
By -
September 05, 2026
0
बैरक, मेस, मिशन शक्ति कक्ष और अभिलेखों की जांच, दुल्लापाथर बॉर्डर पर सघन चेकिंग
अनपरा,पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा ने शनिवार को थाना अनपरा एवं चौकी रेनूसागर का आकस्मिक निरीक्षण किया।थाना पहुंचने पर पुलिस बल ने एसपी को सलामी दी। इसके बाद उन्होंने थाना परिसर का भ्रमण कर थाना कार्यालय, बैरक, मेस, मिशन शक्ति कक्ष एवं परिसर में खड़े वाहनों की स्थिति का जायजा लिया।
एसपी ने बैरक व मेस में साफ-सफाई और पुलिसकर्मियों की सुविधाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मिशन शक्ति कक्ष के निरीक्षण के दौरान महिला एवं बालिकाओं से संबंधित शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनकर त्वरित निस्तारण करने तथा महिला हेल्प डेस्क को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
थाना कार्यालय में अभिलेखों एवं रजिस्टरों का अवलोकन करते हुए एसपी ने लंबित विवेचनाओं, वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी,प्रार्थना पत्रों के निस्तारण और अपराध नियंत्रण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग करने के निर्देश दिए।
इसके बाद एसपी ने चौकी रेनूसागर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और पुलिसकर्मियों की ड्यूटी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए।
दुल्लापाथर बॉर्डर पर कड़ी निगरानी
निरीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक यूपी-एमपी अंतर्राज्यीय बॉर्डर दुल्लापाथर पहुंचे। यहां उन्होंने सीमा सुरक्षा एवं चेकिंग व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस बल द्वारा संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की सघन चेकिंग कराई गई।
एसपी ने बॉर्डर पर तैनात पुलिसकर्मियों को मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने तथा अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी, संदिग्ध आवागमन एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही पड़ोसी राज्य की पुलिस के साथ समन्वय बनाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय सहित थाना अनपरा का पुलिस बल मौजूद रहा।


