रील बाज पत्नी निकली पति का हत्यारा, प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या, प्रेमी का एक फोन कॉल बना पुलिस के लिए अहम सुराग, पत्नी-प्रेमी समेत चार गिरफ्तार
By -
August 29, 2026
0
सोनभद्र।शक्तिनगर थाना क्षेत्र के बीना चौकी अंतर्गत एनसीएल बीना स्टेडियम मोड़ के पास 23 अगस्त की तड़के संदिग्ध परिस्थितियों में मिले एनसीएल कर्मी रमाशंकर मिश्रा के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।पुलिस के मुताबिक, एनसीएल बीना परियोजना में सीनियर ओवरमैन के पद पर तैनात रमाशंकर मिश्रा की हत्या प्रेम-प्रसंग के चलते की गई थी।मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी प्रियंका मिश्रा, उसके प्रेमी विकास चौहान समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
सड़क हादसे का दिया था रूप
पुलिस के अनुसार 23 अगस्त की सुबह एनसीएल बीना परियोजना स्टेडियम जमशीला के पास मुख्य मार्ग के किनारे रमाशंकर मिश्रा का शव मिला था। प्रथम दृष्टया मामला सड़क हादसे का प्रतीत हो रहा था,लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियों ने पुलिस को संदेह में डाल दिया।इसके बाद शक्तिनगर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
कॉल डिटेल और लोकेशन से खुला राज
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों,कॉल डिटेल और संदिग्धों की लोकेशन खंगाली। इसी दौरान मृतक की पत्नी प्रियंका मिश्रा और विकास चौहान के बीच प्रेम-प्रसंग की जानकारी सामने आई। जांच में पता चला कि 22 अगस्त को रमाशंकर ने दोनों को घर पर देख लिया था,जिसके बाद विवाद हुआ।
गला दबाकर और सिर पटककर हत्या का आरोप
पुलिस के मुताबिक विवाद के दौरान प्रियंका और विकास ने कथित तौर पर रमाशंकर का गला दबाया और पत्थर के फर्श पर सिर पटककर उसकी हत्या कर दी।हत्या के बाद घटना को सड़क हादसा दिखाने की साजिश रची गई। आरोप है कि रात में विकास ने अपने दो साथियों अनुराग सिंह उर्फ बादल और सोनू गुप्ता की मदद से शव को चादर में लपेटकर सड़क किनारे पहुंचाया।इसके बाद वाहन से चोट पहुंचाकर घटना को हादसे का रूप देने का प्रयास किया गया।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में विकास चौहान निवासी एम-10 बीना, प्रियंका मिश्रा निवासी बी-264 बीना, अनुराग सिंह उर्फ बादल निवासी एम-246 बीना और सोनू गुप्ता निवासी जमशीला को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर घटना का खुलासा किया गया। कार्रवाई में शक्तिनगर थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय, बीना चौकी प्रभारी अजय श्रीवास्तव समेत पुलिस टीम शामिल रही।

