कनहर बांध में बढ़ा जलस्तर, 14 गेट खोले गए, 10 गेटों से जारी रही पानी की निकासी
By -
August 20, 2026
0
सोनभद्र/दुद्धी। कनहर बांध में पानी की लगातार बढ़ रही आवक के चलतेबांध का जलस्तर 263.100 मीटर क्रेस्ट लेवल तक पहुंच गया। जलस्तर बढ़ने की स्थिति को देखते हुए सिंचाई विभाग ने एहतियात के तौर पर बांध के 14 गेट खोलकर पानी की निकासी शुरू कर दी। हालांकि, बाद में पानी की आवक नियंत्रित होने पर शाम तक 10 गेटों से पानी छोड़ा जा रहा था।
सिंचाई विभाग के अधिकारियों के अनुसार बांध के जलस्तर और पानी की आवक पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इंजीनियरों और तकनीकी कर्मचारियों की टीम 24 घंटे बांध की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों का कहना है कि पानी की आवक और जलस्तर के आधार पर गेटों से पानी की निकासी को नियंत्रित किया जा रहा है।
नदी किनारे रहने वालों को सतर्क रहने की अपील
बांध से पानी छोड़े जाने के मद्देनजर प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले ग्रामीणों को विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि वे अनावश्यक रूप से नदी के किनारे न जाएं और बच्चों को भी नदी एवं जलधारा के आसपास जाने से रोकें।

