समयसीमा बीती,घघरी-बभनी सड़क की समस्या जस की तस आईजीआरएस शिकायत का निस्तारण नहीं होने पर पीडब्ल्यूडी की कार्यशैली पर उठे सवाल

उमेश कुमार सिंह
By -
0
बभनी।घघरी पुनर्वास स्थापना के दशकों बाद भी घघरी से बभनी मुख्य संपर्क मार्ग पक्की सड़क से महरूम है।सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीण कई बार धरना-प्रदर्शन कर चुके हैं,लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका।अब आईजीआरएस पर दर्ज शिकायत की निर्धारित समयसीमा बीतने के बाद भी निस्तारण आख्या अपलोड नहीं होने पर लोक निर्माण विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय युवा उमाप्रसाद उर्फ उमंग गुप्ता ने जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्जा कराई थी।शिकायत के निस्तारण की निर्धारित समयसीमा 17 अगस्त थी, लेकिन समयसीमा बीतने के बावजूद अधिशासी अभियंता,प्रांतीय खंड सोनभद्र की ओर से पोर्टल पर निस्तारण आख्या अपलोड नहीं की गई। उमंग गुप्ता के मुताबिक करीब दो किलोमीटर लंबे इस मार्ग से तीन हजार से अधिक लोगों का आवागमन निर्भर है।यह रास्ता ब्लॉक मुख्यालय,सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र,इंटर कॉलेज और थाने को जोड़ता है।सड़क की सुविधा नहीं होने से मरीजों,छात्रों और किसानों को 15 से 20 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है। सड़क की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने हाल के दिनों में दो बार धरना-प्रदर्शन किया है।
संबंधित विभागों को ज्ञापन और पत्राचार के माध्यम से भी समस्या से अवगत कराया गया,लेकिन अब तक धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।समयसीमा में शिकायत का निस्तारण नहीं होने पर उमंग गुप्ता ने आईजीआरएस पोर्टल पर अनुस्मारक दर्ज कराते हुए अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर सड़क निर्माण व मरम्मत की कार्रवाई शुरू नहीं हुई तो ग्रामीणों के साथ व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
5/related/default