खड़िया परियोजना में मजदूरों का प्रदर्शन, बकाया मजदूरी भुगतान की मांग
By -
August 19, 2026
0
शक्तिनगर।एनसीएल खड़िया परियोजना में ओबी निकालने का कार्य कर रही एसए यादव कंपनी के मजदूरों ने काम बंद किए जाने और मजदूरी का समय से भुगतान नहीं होने के विरोध में परियोजना महाप्रबंधक कार्यालय पर प्रदर्शन किया। मजदूरों ने कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नियमित कार्य बहाल करने और बकाया मजदूरी का भुगतान करने की मांग की।
मजदूरों ने महाप्रबंधक के नाम सौंपे पत्र में आरोप लगाया कि लगातार बारिश का हवाला देकर कंपनी ने अचानक दो दिनों से कार्य बंद कर दिया है।इससे मजदूरों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।मजदूरों का कहना है कि 14 अप्रैल का भुगतान अब तक नहीं किया गया है। इसके अलावा जून माह की मजदूरी भी लंबित है। आरोप है कि पिछले करीब डेढ़ वर्ष से मजदूरी भुगतान में अनियमितता की समस्या बनी हुई है।
मजदूरों ने कंपनी प्रबंधन पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनसे निर्धारित समय से अधिक काम कराया जाता है,लेकिन मजदूरी का भुगतान समय से नहीं किया जाता। आरोप है कि मैकेनिकल विभाग में भी कुछ मजदूरों से अधिक समय तक ड्यूटी कराई जा रही है। वहीं कुछ श्रमिकों से बिना बी-फार्म भरवाए काम कराने का भी आरोप लगाया गया।
मेस की व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
मजदूरों ने मेस की व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि भोजन में केवल चावल, दाल और सब्जी दी जा रही है, जबकि रोटी की व्यवस्था नहीं है। मजदूरों ने कंपनी प्रबंधन से भोजन और अन्य मूलभूत सुविधाओं में सुधार की मांग की।
जांच और कार्रवाई की मांग
मजदूरों ने एनसीएल प्रबंधन और जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उनका आरोप है कि कंपनी में मजदूरों के हितों की अनदेखी की जा रही है और आवाज उठाने वाले श्रमिकों पर दबाव बनाया जाता है। मजदूरों ने कहा कि समय से मजदूरी का भुगतान नहीं होने से उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो रहा है।
मजदूरों ने कार्य तत्काल बहाल करने, 14 अप्रैल समेत लंबित मजदूरी का भुगतान करने और श्रमिकों की अन्य समस्याओं का समाधान कराने की मांग की। दोपहर करीब दो बजे तक मजदूर परियोजना कार्यालय पर अपनी मांगों को लेकर डटे रहे।
