रसोइयों का मानदेय बढ़ा, सोनभद्र में खुशी की लहर
By -
August 23, 2026
0
सोनभद्र।परिषदीय विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन बनाने वाली रसोइयों के मानदेय में 1,000 रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी की गई है।अब उन्हें 2,000 के बजाय 3,000 रुपये मासिक मानदेय मिलेगा। शासन के इस फैसले से जिले की करीब 5900 रसोइयों में खुशी है।
इसके साथ ही रसोइयों को पांच लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा देने का निर्णय लिया गया है। यूनिफॉर्म के लिए 500 रुपये और ग्लव्स के लिए 400 रुपये की अतिरिक्त सहायता भी मिलेगी।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि जनपद में करीब 5,900 रसोइया विद्यालयों में सेवाएं दे रही हैं। मानदेय बढ़ने से जहां उन्हें आर्थिक राहत मिलेगी,वहीं कैशलेस उपचार की सुविधा से स्वास्थ्य संबंधी खर्च का बोझ भी कम होगा।
प्राथमिक विद्यालय दुरावलखुर्द, घोरावल की रसोइया अमरावती देवी ने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण कई बार बीमारी के बावजूद काम करना पड़ता था। अब कैशलेस इलाज की सुविधा मिलने से समय पर उपचार कराया जा सकेगा।
कंपोजिट विद्यालय डोरिहार की रसोइया लीलावती ने कहा कि बीमारी के समय कर्ज लेने या गहने गिरवी रखने की नौबत आ जाती थी। इस सुविधा से बड़ी राहत मिलेगी। वहीं कंपोजिट विद्यालय वीरमंदहा की रसोइया रामवती देवी ने मानदेय बढ़ाने के फैसले को परिवार की आर्थिक जरूरतों के लिए राहत भरा कदम बताया।


