इलेक्ट्रिकल दुकान का ताला तोड़कर डेढ़ लाख का सामान चोरी
By -
September 15, 2026
0
सीसीटीवी में युवती समेत तीन संदिग्ध दिखे, ई-रिक्शा से सामान ले जाने का भी दावा
अनपरा, सोनभद्र। अनपरा थाना क्षेत्र के अनपरा मोड़ स्थित एक इलेक्ट्रिकल दुकान को चोरों ने निशाना बना लिया। दुकान का ताला तोड़कर चोर एल्यूमिनियम के आठ बोरे और कॉपर वायर के छह बोरे समेत करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान लेकर फरार हो गए। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में एक युवती समेत तीन संदिग्ध दुकान में घुसकर सामान निकालते दिखाई दे रहे हैं।
वार्ड नंबर-20 सिनेमा रोड निवासी दुकानदार मनोज कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी इलेक्ट्रिकल की दुकान अनपरा मोड़ के वार्ड नंबर-3 में है। 12 सितंबर की रात चोरों ने दुकान का ताला तोड़ दिया। अगले दिन 13 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे दुकान पहुंचने पर ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। सामान की जांच करने पर चोरी का पता चला।
दुकानदार ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी तो एक युवती रात करीब चार बजे दुकान का लॉक तोड़कर अंदर जाती दिखाई दी। उसके साथ दो अन्य लोग भी दुकान से सामान निकालते नजर आए। पड़ोसी दुकान के सीसीटीवी कैमरे में भी एक ई-रिक्शा पर सामान लादकर ले जाते कुछ लोग दिखाई देने की बात तहरीर में कही गई है।
दुकानदार के मुताबिक चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपये है। पूर्व में हार्ट बाईपास सर्जरी होने और अस्वस्थ रहने के कारण वह घटना के तुरंत बाद थाने नहीं पहुंच सका। 14 सितंबर को पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और उनकी तलाश की जा रही है।
