बारावफात और जन्माष्टमी को लेकर अनपरा थाने में पीस कमेटी की बैठक, सौहार्द बनाए रखने की अपील
By -
August 24, 2026
0
अनपरा।थाना परिसर में बारावफात एवं जन्माष्टमी त्यौहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर सोमवार शाम पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।बैठक में थाना क्षेत्र के हिंदू-मुस्लिम समुदाय के लोगों,पीस कमेटी के सदस्यों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। बैठक के दौरान पुलिस ने त्योहारों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए सभी से आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की।
थाना प्रभारी इंचार्ज मनोज कुमार सिंह ने कहा कि त्योहार आपसी प्रेम,भाईचारे और सौहार्द का संदेश देते हैं।ऐसे में सभी लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाएं और किसी भी प्रकार की ऐसी गतिविधि से बचें,जिससे क्षेत्र की शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित हो।उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान शासन और प्रशासन की ओर से निर्धारित नियमों का पूरी तरह पालन किया जाए।
थाना प्रभारी इंचार्ज ने बैठक में मौजूद लोगों से अपील किया सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों पर किसी भी स्थिति में विश्वास न करें।यदि कोई व्यक्ति भ्रामक या आपत्तिजनक सूचना फैलाता है तो इसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी विवाद की स्थिति में लोग स्वयं कानून हाथ में लेने के बजाय पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।
बैठक में त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की गई।पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील किया कि धार्मिक जुलूस, कार्यक्रम और अन्य आयोजनों के दौरान निर्धारित नियमों एवं व्यवस्थाओं का पालन करें।साथ ही दूसरे समुदाय की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से कार्यक्रम संपन्न कराने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।
पुलिस की ओर से कहा गया कि त्योहारों के दौरान क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क रहेगी।संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखी जाएगी और किसी भी तरह की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मौजूद पीस कमेटी के सदस्यों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी पुलिस-प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाया। सभी ने क्षेत्र में आपसी भाईचारा एवं सौहार्द कायम रखते हुए बारावफात और जन्माष्टमी का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की बात कही।

