रिहंद जलाशय किनारे मिला अज्ञात युवक का शव, मचा हड़कंप

उमेश कुमार सिंह
By -
0
बीजपुर।
थाना क्षेत्र के सिरसोती गांव में रिहंद जलाशय के किनारे अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। नदी किनारे लकड़ी निकालने पहुंचे ग्रामीणों ने शव देखा तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने का प्रयास शुरू कर दिया। ग्रामीणों के मुताबिक, गांव के कुछ लोग रिहंद जलाशय के किनारे लकड़ियां निकालने के लिए गए थे। इसी दौरान उनकी नजर नदी किनारे पड़े एक युवक के शव पर पड़ी। शव मिलने की खबर आसपास के क्षेत्र में फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास के लोगों से युवक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन तत्काल उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने शव को एनटीपीसी रिहंद स्थित धनवंतरी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस अब मृतक की पहचान कराने के लिए आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटा रही है। साथ ही युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस ने घटना के विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है। शव की शिनाख्त और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
5/related/default