लखनऊ से हेरोइन लाकर अनपरा-ओबरा में खपाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दीपक शाहू सहित छह गिरफ्तार
By -
August 17, 2026
0
सोनभद्र।ऑपरेशन शुद्धि के तहत चोपन पुलिस, डाला चौकी और एसओजी की संयुक्त टीम ने बसकटवा रेलवे ब्रिज के पास घेराबंदी कर हेरोइन तस्करी गिरोह के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 1 किलो 204 ग्राम हेरोइन, छह मोबाइल फोन और 1550 रुपये नकद बरामद हुए। बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत 2.40 करोड़ रुपये बताई गई है।पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त थार और क्रेटा वाहन भी सीज किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 34 लाख रुपये है। पुलिस के अनुसार आरोपी लखनऊ से हेरोइन लाकर सोनभद्र के विभिन्न क्षेत्रों में फुटकर बिक्री करवाते थे। पूछताछ में बरामद हेरोइन को अनपरा और ओबरा क्षेत्र में खपाने की योजना का खुलासा हुआ।
पूछताछ के आधार पर अनपरा के पूर्वी परासी निवासी दीपक साहू को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक वह अनपरा क्षेत्र में हेरोइन की फुटकर बिक्री करता था। गिरफ्तार आरोपियों में कई के खिलाफ पहले से एनडीपीएस समेत अन्य मुकदमे दर्ज हैं। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया।